यमुनानगर:बाल छप्पर हत्याकांड में शूटरों के दो मददगार काबू

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:बाल छप्पर हत्याकांड में शूटरों के दो मददगार काबू


यमुनानगर, 19 मई (हि.स.) यमुनानगर के गांव बाल छप्पर निवासी 45 वर्षीय सतनाम सिंह की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में अपराध शाखा-2 की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने वाले शूटर को सहयोग और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब निवासी अशोक कुमार तथा सारन निवासी इंद्रपाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों को मंगलवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।

अपराध शाखा-2 के प्रभारी राकेश कुमार ने मंगलवार को बताया कि मामले की जांच के दौरान हत्या के पीछे पुरानी पारिवारिक रंजिश सामने आई है। मृतक की पत्नी प्रवीण कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि परिवार के भीतर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके जेठ प्रीतपाल का पुत्र दलजीत सिंह, जो वर्तमान में अमेरिका में रह रहा है, परिवार से पुरानी दुश्मनी रखता है। पुलिस के अनुसार वर्ष 2020 में इसी विवाद के चलते गांव के तत्कालीन सरपंच के पति रिछपाल सिंह की हत्या करवाई गई थी।

इस मामले में प्रवीण कौर के पुत्र विरेन्द्र का नाम भी सामने आया था, जिसके बाद से वह फरार बताया जा रहा है। इसी घटनाक्रम के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था। प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों ने शूटर को ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग किया था। साथ ही उसे आर्थिक मदद भी मुहैया कराई गई। पुलिस अब इस हत्याकांड से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं से पड़ताल की जा रही है और रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story