कैथल: हत्या के आरोपी महंत के कमरे से सुल्फा बरामद

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 08 सितंबर (हि.स.)। गांव बाबा लदाना स्थित बाबा राजपुरी डेरे में साधु की हत्या के मामले में गिरफ्तार मुख्य महंत दूजपुरी की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पुलिस ने डेरे में बने उसके कमरे की तलाशी ली तो वहां से करीब 639 ग्राम सुल्फा बरामद हुआ। बरामद सुल्फे की कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में सदर थाना पुलिस ने महंत दूजपुरी के खिलाफ मादक पदार्थ निरोधक अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं के तहत एक और मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार हत्या के मामले में गिरफ्तारी के बाद दूजपुरी फिलहाल पुलिस की हिरासत में है। सुल्फा बरामदगी के मामले में पुलिस उसे जल्द ही उत्पादन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी। पूछताछ के दौरान पुलिस यह पता लगाने का प्रयास करेगी कि उसके कमरे में इतनी मात्रा में सुल्फा कहां से आया था। सदर थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि महंत दूजपुरी के कमरे से सुल्फा बरामद होने के संबंध में मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story