सिरसा: पिता की चाकू गोदकर हत्या, आरोपी बेटा गिरफ्तार
सिरसा, 25 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के गांव किशनपुरा में गुरुवार रात शराब के नशे में झगड़े के बाद बेटे ने अपने बुजुर्ग पिता की चाकू से नृशंस हत्या कर दी; आरोपी फरार था, जिसे पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने शनिवार को बताया कि मृतक संतलाल की बेटी अलका रानी ने बताया कि गुरुवार रात्रि उसके चचेरे भाई का फोन आया कि उसके भाई देशराज ने शराब के नशे में लड़ाई झगड़ा कर पिता संतलाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी है।
हत्या की सूचना मिलते ही वह अपने परिवार सहित गांव किशनपुरा में पहुंची और उसे पता चला कि उसके पिता को ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ऐलनाबाद के सरकारी अस्पताल में पहुंचकर देखा तो उसके पिता की डेड बॉडी मोर्चरी में रखी थी और पेट में चाकू के काफी बड़े बड़े घाव पड़े हुए थे तथा शरीर पूरी तरह से खून से लथपथ था। मामला जैसे ही पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के संज्ञान में आया उन्होंने तुरंत प्रभाव से पुलिस टीमों का गठन कर मामले को शीघ्र अति शीघ्र सुलझाने के निर्देश दिए।
ऐलनाबाद थाना प्रभारी प्रगट सिंह ने बताया ने बताया कि पुलिस ने मृतक संतलाल की बेटी अलका रानी की शिकायत पर आरोपी देशराज के खिलफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कुछ ही घंटों में पुलिस ने आरोपी देशराज को गिरफ्तार कर लिया । गिरफ्तार किए गए आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड के दौरान पूछताछ कर मामले की गहनता से जांच की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

