कैथल: मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत के बाद हत्या का केस, छठा आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: मारपीट में घायल व्यक्ति की मौत के बाद हत्या का केस, छठा आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 05 अक्टूबर (हि.स.)। ढांड थाना क्षेत्र के गांव बंदराना में 21 अगस्त को हुए आपसी झगड़े में घायल व्यक्ति की उपचार के दौरान मौत होने के बाद हत्या के मामले में पुलिस ने छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम ने आरोपी बंदराना निवासी आजाद को काबू किया है। इस मामले में पांच आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गांव बंदराना निवासी रीटा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 21 अगस्त की शाम वह घर का कूड़ा-कचरा फेंकने जा रही थी। इसी दौरान गली में मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। शोर सुनकर रीटा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया।

शिकायत के अनुसार इसी दौरान आरोपियों ने लाठी-डंडों, जेली और ईंटों से हमला कर दिया। मारपीट में रीटा, उसके चाचा मांगेराम, चाची बीरमती, देवर बलवान, पुत्र अंकुश, पति गणेश समेत अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल कैथल ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल करवाया गया। गंभीर हालत के चलते मांगेराम को आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया था।

मांगेराम का उपचार चल रहा था, लेकिन 26 सितंबर को मुलाना मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ दी। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेश पर मामले की जांच स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट के एसआई वीरेंद्र की टीम को सौंपी गई। टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले से पुरानी रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते विवाद और मारपीट की घटना हुई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story