सिरसा: सरकार की बेतुकी शर्तों से किसान परेशान : सैलजा
सिरसा, 03 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी करार दिया है। किसान को चौतरफा मार पड़ रही है, इसके विपरीत सरकार पोर्टल के जरिए किसानों की परेशानी और बढ़ा रही है।
कुमारी सैलजा शुक्रवार को सिरसा में अनाज मंडी का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। सांसद सैलजा ने कहा कि प्रदेश सरकार की गलत नीतियों की वजह से किसान का मंडी में प्रवेश करना ही मुश्किल हो गया है। जहां एक तरफ मौसम की मार पड़ रही है और किसान फसल बचाने के लिए परेशानियों से जूझ रहा है, इसके उल्ट सरकार बायोमैट्रिक की पाबंदी, आठ में से दो गेट खोलने, फसल लाने के लिए समय निर्धारित करना सहित अव्यवहारिक शर्तें थोप रही है जो धरातल पर लागू नहीं हो सकती। सरकार न देख रही है न सोच रही है और अफसरशाही द्वारा किए जा रहे नए-नए प्रयोग जनता पर थोप रही है। सरकार पोर्टल-पोर्टल का खेल खेल रही है। केंद्र व प्रदेश की गूंगी-बहरी सरकार को अब पोर्टल-पोर्टल खेलने की आदत हो गई है। किसान, आढ़ती व मजदूरों पर बेतुकी शर्तें थोप रही है। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी इस सरकार ने किसानों के साथ किसान आंदोलन के दौरान जो करार किए थे, उसमें से एक भी पूरा नहीं किया और आज तक एमएसपी को कानूनी दर्जा नहीं दिया गया। इसके विपरीत देश के केवल पांच-छह बडृे घरानों को मुनाफा देने के लिए जनता को लूटा जा रहा है। आज प्रदेश में एक ओर अपराध बढ़ रहा है, वहीं नशा भी पूरी तरह से फैल चुका है। प्रदूषण से बीमारियां बढ़ रही हैं और सरकार नए-नए श्लोगन देने में जुटी हुई है।
भारत जैसे महान देश को अमेरिका द्वारा निर्देश दिए जा रहे हैं जो प्रधानमंत्री की लाचारी और कमजोरी को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी चौतरफा जनहित के मुद्दे उठा रही है और आगे भी उठाती रहेगी। सांसद सैलजा ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार को जनता को श्लोगनों में उलझाने की बजाए परेशानियों से निजात दिलानी चाहिए। इस अवसर पर उनके साथ विधायक बलवान दौलतपुरिया, शीशपाल केहरवाला के अलावा पार्टी नेता राजकुमार शर्मा, नवीन केडिया सहित पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

