सिरसा: सांसद सैलजा ने रेल मंत्री को भेजा पत्र, शहर में आरओबी का काम शुरू करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: सांसद सैलजा ने रेल मंत्री को भेजा पत्र, शहर में आरओबी का काम शुरू करने की मांग


सिरसा, 06 सितंबर (हि.स.)। सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र भेजकर सिरसा संसदीय क्षेत्र से जुड़ी रेलवे समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने सिरसा में चत्तरगढ़ पट्टी रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण जल्द शुरू करवाने के साथ निर्माण अवधि के दौरान छोटे वाहनों के लिए पुराने रेलवे फाटक अथवा माल गोदाम के पास वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। इसके अलावा सांसद ने टोहाना रेलवे स्टेशन पर प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देने की मांग भी उठाई है।

सांसद सैलजा ने रविवार को जारी एक प्रेस बयान में कहा कि चत्तरगढ़ पट्टी की ओर से निर्माण कार्य शुरू करने के लिए लोक निर्माण विभाग को जन स्वास्थ्य विभाग की स्वीकृति मिल चुकी है, लेकिन इसके बावजूद काम प्रारंभ नहीं हो पाया। इससे शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के बीच आवागमन प्रभावित हो रहा है। छोटे वाहन चालकों व दोपहिया वाहन चालकों को लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है। उन्होंने रेल मंत्री से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर पुराने रेलवे फाटक को छोटे एवं हल्के वाहनों के लिए अस्थायी रूप से खोलने या रेलवे माल गोदाम के पास वैकल्पिक मार्ग विकसित करवाने की मांग की।

सैलजा ने कहा कि दोनों मांगें क्षेत्र के आम लोगों की सुविधा और लंबे समय से उठ रही जनभावनाओं से जुड़ी हैं। ट्रेनों का ठहराव मिलने से यात्रियों को सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा तथा धार्मिक पर्यटन और स्थानीय व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। वहीं, चत्तरगढ़पट्टी में वैकल्पिक मार्ग खुलने से आरओबी निर्माण के दौरान यातायात सुचारु रखा जा सकेगा। उन्होंने रेल मंत्रालय से दोनों मामलों में तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर जनहित में सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story