कैथल:अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now


पुलिस ने दर्ज किया मामला

कैथल, 17 मार्च (हि.स.)। शुक्रवार सुबह कैथल चीका रोड पर नर्सरी के पास एक युवक का शव मिला है। शव के पास मृतक की मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली। किसी अज्ञात वाहन ने युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर उसे कुचल दिया। हादसा गुरुवार रात 10 बजे का बताया जा रहा है।

मृतक की पहचान जसविंदर शर्मा के रूप में हुई है। मृतक पीडब्ल्यूडी में अनुबंध आधार पर ड्राफ्ट्समैन लगा हुआ था। सीवन से लौटते समय उसके साथ यह हादसा हुआ। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

मृतक के मौसा जीवानंद कौशिक ने बताया कि सीवन निवासी जसविंदर शर्मा ( 47 ) नक्शा नवीस का काम करता था। वह कैथल के लोक निर्माण विभाग में अनुबंधित कर्मचारी था और नक्शा बनाने का काम कर रहा था। गुरुवार शाम के समय उसने अपने घरवालों को बताया कि काम अधिक है इसलिए वह लेट हो जाएगा। रात करीब 10 बजे वह कैथल से सीवन अपने बाइक पर आ रहा था तो रास्ते में अज्ञात वाहन से टक्कर होने के कारण जसविंदर शर्मा की मौत हो गई।

जसविंदर अपने पीछे अपनी पत्नी व 2 लड़कों को छोड़कर गए हैं। उनका एक पुत्र दसवीं और एक 12वीं में पढ़ रहा था। शहर थाना के जांच अधिकारी हरि भगवान ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 8 बजे जानकारी मिली कि एक बाइक सवार कैथल-चीका रोड पर मृत अवस्था में पड़ा है। इसके बाद परिजनों को जानकारी देकर शव को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।

हिंदुस्तान समाचार/ नरेश भारद्वाज

Share this story