सोनीपत:शिक्षा मंत्री ने मां के नाम पर पौधा लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
सोनीपत, 07 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा
के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय परिसर में एक पेड़ मां के
नाम अभियान के तहत पौधारोपण किया। इस दौरान उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने
के साथ उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की। शिक्षा मंत्री ने कहा कि पेड़-पौधे जीवन
का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका है। बढ़ते प्रदूषण और
जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण के साथ पौधों का संरक्षण भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि एक पेड़ मां के नाम अभियान लोगों को प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण से
जोड़ने की अच्छी पहल है।
उन्होंने
कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष
बनने तक देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए। केवल पौधा लगा देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि
उसके संरक्षण और संवर्धन पर भी ध्यान देना जरूरी है।
ढांडा
ने नागरिकों से घरों, कार्यालयों, सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक
से अधिक पौधे लगाने तथा दूसरों को भी पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित करने का आह्वान
किया। उन्होंने कहा कि आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली
और स्वस्थ वातावरण का आधार बनेंगे। राई विधायक कृष्णा गहलावत, सोनीपत विधायक निखिल
मदान, उपायुक्त नेहा सिंह, वन विभाग की अधिकारी रेनू बाला, गन्नौर मार्केट कमेटी के
चेयरमैन निशांत छौक्कर आदि शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

