फतेहाबाद: घर में बने वाटर टैंक में डूबने से महिला व दो बच्चों की मौत
आठ वर्ष का लड़का डूबा तो बचाने उतरी बहन व मां
फतेहाबाद, 06 अगस्त (हि.स.)। जिलेे के गांव मेहुवाला में गुरुवार को एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। घर में बने पानी के कुंड (टैंक) में डूबने से एक महिला और उसके दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। अपनों को जिंदगी की ढाल बनकर बचाने की जंग में एक-एक कर कुंड में उतरे तीनों सदस्यों की सांसें थम गईं। इस दर्दनाक घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब घर में कोई अन्य वयस्क सदस्य मौजूद नहीं था। 8 वर्षीय मासूम विनीत घर में खेलते-खेलते अचानक खुले पड़े पानी के कुंड में जा गिरा। भाई को पानी में छटपटाता और डूबता देख उसकी 10 वर्षीय बहन ज्योति ने बिना अपनी जान की परवाह किए, एक पल गंवाए बिना उसे बचाने के लिए कुंड में छलांग लगा दी। दोनों बच्चों को पानी से संघर्ष करता देख उनकी मां 31 वर्षीय सुदेश पत्नी संदीप की ममता भी तड़प उठी। बच्चों को अपनी आंखों के सामने डूबता देख मां सुदेश भी बिना सोचे-समझे तुरंत कुंड में उतर गईं।
दुर्भाग्यवश, कुंड गहरा होने और मौके पर किसी अन्य व्यक्ति के मौजूद न होने के कारण किसी को भी मदद के लिए पुकारने का अवसर नहीं मिला। समय पर मदद न मिल पाने के चलते मां और दोनों मासूम बच्चे पानी के तेज गहराई में समा गए और तीनों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका सुदेश मूल रूप से भट्टू की ही रहने वाली थी और उसकी शादी गांव मेहुवाला में संदीप के साथ हुई थी। एक ही हंसते-खेलते परिवार के तीन सदस्यों की इस तरह असमय विदाई से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से तीनों शवों को कुंड से बाहर निकालकर अपने कब्जे में लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई व जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक त्रासदी से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

