नूंह: गुरु रविदास जयंती पर फरीदाबाद में निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा: दीपक मंगला

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: गुरु रविदास जयंती पर फरीदाबाद में निकलेगी समरसता संकल्प यात्रा: दीपक मंगला


नूंह, 24 नवंबर (हि.स.)। गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में 28 नवंबर को फरीदाबाद में आयोजित होने वाली समरसता संकल्प यात्रा में नूंह जिले से 3100 लोग भाग लेंगे। यात्रा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में भाजपा जिला कार्यालय झिर कमल में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक में भाजपा हरियाणा के उपाध्यक्ष एवं नूंह जिला प्रभारी दीपक मंगला ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को यात्रा की तैयारियों की जानकारी देते हुए उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित कीं। दीपक मंगला ने बताया कि नूंह जिले से यात्रा में शामिल होने वाले लोगों के आवागमन के लिए 50 से अधिक बसों और 150 से ज्यादा अन्य वाहनों की व्यवस्था की गई है। विधानसभा और मंडल स्तर पर प्रमुख कार्यकर्ताओं को इंचार्ज नियुक्त किया गया है, ताकि सभी व्यवस्थाओं का बेहतर समन्वय किया जा सके और निर्धारित संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित हो।

उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी का जीवन दर्शन और उनकी शिक्षाएं समाज को समानता, भाईचारे, एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देती हैं। उनकी वाणी आज भी समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर आपसी सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि गुरु रविदास जी के विचारों और संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं तथा सामाजिक एकता को मजबूत बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

बैठक में जिला महामंत्री हेमराज शर्मा, रमेश मनुवास, जिला उपाध्यक्ष नाथूराम गुर्जर, जिला सचिव दिनेश नागपाल, जिला मीडिया प्रभारी जतिन बुसरी, मंडल अध्यक्ष जसराज जाटव, पवन कुमार, चेतराम, निशा सैनी, सतीश कुमार, महेंद्र कुमार, कृष्ण दायमा, ओमप्रकाश, योगेश तंवर, बीर सिंह मामलिका, जाहिद चेयरमैन, नगरपालिका फिरोजपुर झिरका के चेयरमैन मनीष जैन, करण सैनी सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story