हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 13 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र 27 अगस्त से शुरू होगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री नायब सैनी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में सत्र के आयोजन को मंजूरी दी गई। सत्र की कार्यवाही कब तक चलेगी इस संबंध में फैसला विधानसभा की बिजनेस सलाहकार समिति की बैठक में लिया जाएगा। इसके बावजूद माना जा रहा है यह सत्र काफी छोटा अर्थात तीन दिन के लिए होगा।

मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी के बाद सरकार अब राज्यपाल को इस संबंध में पत्र लिखेगी। जिसके बाद राज्यपाल सत्र के आयोजन को स्वीकृति प्रदान करेंगे। सत्र के आयोजन में अभी तक 15 दिन से अधिक समय होने के चलते विधायकों द्वारा विधानसभा सचिवालय को सत्र के लिए अपने-अपने क्षेत्रों के संबंध में सवाल भेजे जाएंगे। विधानसभा की कार्यवाही के दौरान कौन से सवाल उठाए जाएंगे इसका फैसला स्पीकर हरविंद्र कल्याण की अध्यक्षता में होने वाले ड्रा के माध्यम से किया जाएगा।

इस सत्र के दौरान विपक्ष पहले से ही आक्रामक है। विपक्ष द्वारा सरकार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरा जाएगा वहीं कर्मचारियों की मांगों तथा आए दिन हो रही हड़ताल के संबंध में भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के अन्य कई ज्वलंत मुद्दों पर विपक्ष द्वारा सरकार को घेरा जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story