हरियाणा: 118 जर्जर स्कूली इमारतों की जगह बनेंगे माडर्न भवन, 200 करोड़ का बजट मंजूर

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 01 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के सरकारी स्कूलों की जर्जर इमारतों को अब नए सिरे से खड़ा करने की तैयारी है। प्रदेशभर में सर्वे के दौरान पूरी तरह जर्जर पाए गए 118 स्कूल भवनों की जगह नए माडर्न भवन बनाए जाएंगे। सरकार ने इसके लिए 200 करोड़ रुपये का बजट मंजूर कर दिया है और कई भवनों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। इनमें प्राथमिक से लेकर सीनियर सेकेंडरी स्तर तक के स्कूल शामिल हैं।

मंगलवार को विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान बादली विधायक कुलदीप वत्स के सवाल के जवाब में शिक्षा मंत्री महिपाल सिंह ढांडा ने यह जानकारी दी। उन्होंने सदन में नए भवनों की ड्राइंग भी दिखाई और कहा कि इनका निर्माण आज की जरूरतों के मुताबिक आधुनिक सुविधाओं के साथ किया जाएगा। प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ऐसे स्कूल चिह्नित किए जा चुके हैं। बादली हलके में सात स्कूलों के नए भवन बनाए जाएंगे।

सरकार ने प्रदेशभर में स्कूल भवनों की स्थिति का सर्वे कराया था। इसमें 118 ऐसी इमारतें सामने आईं, जो इतनी जर्जर हो चुकी हैं कि उनमें मरम्मत से काम चलाना संभव नहीं है। ऐसे भवनों को नए सिरे से बनाने का फैसला किया गया है। इसके साथ ही जिन स्कूलों में छोटी या मध्यम स्तर की मरम्मत की जरूरत है, उनके लिए भी व्यवस्था को विकेंद्रीकृत किया गया है। सरकार ने स्कूल मैनेजमेंट कमेटियों (एसएमसी) को 25 लाख रुपये तक के काम कराने का अधिकार दिया है। इन कार्यों के लिए एडीसी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। छोटे कामों के लिए स्कूलों को फंड भी जारी किया जा चुका है। प्रिंसिपल अपने स्तर पर एक लाख रुपये तक के निर्माण और मरम्मत कार्य करा सकेंगे। इससे स्कूलों में जरूरी काम के लिए लंबी मंजूरी प्रक्रिया का इंतजार कम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story