पलवल में 18 करोड़ रुपये की मॉडल रोड परियोजना शुरू, शहर को मिलेंगी आधुनिक यातायात और स्मार्ट सुविधाएं : गौरव गौतम
पलवल, 21 फ़रवरी (हि.स.)। पलवल शहर के आधारभूत ढांचे को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में नगर परिषद द्वारा आगरा चौक से न्यू कॉलोनी तक 18 करोड़ रुपये की लागत से मॉडल रोड परियोजना का शुभारंभ किया गया है। हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी योजना शहर के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और नागरिकों को बेहतर यातायात के साथ आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
राज्य मंत्री गौरव गौतम ने शनिवार को बताया कि इस परियोजना के तहत सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही साइकिल चालकों और पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए आधुनिक साइकिल ट्रैक और सुरक्षित फुटपाथ बनाए जाएंगे, जिससे विद्यार्थियों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
परियोजना में सड़क के साथ हरित पट्टी विकसित करने और सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे, जिससे मार्ग का स्वरूप आकर्षक बनेगा और पर्यावरण संतुलन को भी मजबूती मिलेगी। इसके अलावा बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाएगा। भूमिगत उपयोगी डक्ट भी बनाए जाएंगे, ताकि भविष्य में बार-बार खुदाई की आवश्यकता न पड़े।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

