नूंह पुलिस ने चार साइबर ठग दबाेचे

WhatsApp Channel Join Now
नूंह पुलिस ने चार साइबर ठग दबाेचे


नूंह, 13 नवंबर (हि.स.)। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत साइबर थाना नूंह पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी फेसबुक अकाउंट, फर्जी सिम और मोबाइल के जरिए लोगों के साथ साइबर ठगी करने के आरोप हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, फर्जी सिम और बैंक खातों से जुड़े संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं।

जानकारी देते हुए पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अलग-अलग तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस के अनुसार, पहले मामले में पिनगवां थाना क्षेत्र के बनारसी गांव निवासी 22 वर्षीय जाहिद को गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि वह फेसबुक पर इस्लाम कुरैशी हकीम के नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर खुद को सेना का जवान बताता था। इसके बाद लोगों को सस्ते दामों पर गाड़ी और अन्य सामान दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था।

आरोपी पर सेक्सटॉर्शन के जरिए लोगों को ब्लैकमेल करने का भी आरोप है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और फर्जी सिम बरामद की है। साइबर पोर्टल पर दर्ज शिकायत के आधार पर मामले में केस दर्ज किया गया था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने 23,058 रुपये की ठगी करने की बात कबूल की है।

दूसरे मामले में साइबर थाना पुलिस ने तावडू सदर थाना क्षेत्र के छारोडा गांव निवासी साजिद पुत्र (27) साल और मोहम्मद तालीम उर्फ तालीब (30) साल को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी लोगों को फर्जी सिम, इंटरनेट सिम और मोबाइल फोन बेचने के धंधे में संलिप्त थे। गुप्त सूचना के आधार पर साइबर क्राइम थाना की टीम ने पलवल टी-पॉइंट के पास घेराबंदी कर दोनों को काबू किया। तलाशी के दौरान उनके पास से तीन मोबाइल फोन और उनमें लगी फर्जी सिम बरामद हुई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ साइबर थाना में मामला दर्ज किया है।

वहीं, तीसरे मामले में फिरोजपुर झिरका थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव निवासी 24 वर्षीय ताज मोहम्मद उर्फ राजू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी मोबाइल और सिम का इस्तेमाल कर साइबर ठगी की रकम अपने बैंक खातों में मंगवाता था। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन, दो बैंक खातों के बारकोड, चेकबुक की फोटो और कई लोगों के संदिग्ध लेन-देन से संबंधित स्क्रीनशॉट बरामद किए गए हैं। साइबर पोर्टल पर आरोपी के खिलाफ तीन शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस के मुताबिक, उसके दो बैंक खाते केनरा बैंक में हैं। आरोपी के खिलाफ भी मामला दर्ज कर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story