सोनीपत: राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के पदक विजेता खिलाड़ियों का हुआ स्वागत
-बास्केटबॉल और फुटबॉल में छाये मोतीलाल
नेहरू खेलकूद विद्यालय, राई के नौनिहाल
सोनीपत, 11 मई (हि.स.)। देहरादून
स्थित पेस्टल वीड स्कूल में आयोजित अखिल भारतीय आईपीएससी अंडर 17 बालक बास्केटबॉल प्रतियोगिता
में विद्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय उपविजेता ट्रॉफी जीती। इस
प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर की कुल 21 टीमों ने प्रतिभागिता की। खिलाड़ियों ने
पूरे प्रतियोगिता काल में अनुशासन, टीम भावना और उत्कृष्ट खेल कौशल का परिचय दिया।
सोमवार को विद्यालय में विजेताओं का शानदार स्वागत किया गया।
विद्यालय
के तीन खिलाड़ी नितेश, उत्तम और क्षितिज का चयन एसजीएफआई राष्ट्रीय बास्केटबॉल शिविर
के लिए हुआ है, जो विद्यालय के लिए गौरव की बात है। इसी तरह फुटबॉल प्रतियोगिता में
भी विद्यालय की छात्राओं ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित
सैनिक स्कूल में पांच मई से आठ मई 2026 तक आयोजित अखिल भारतीय आईपीएससी अंडर 14 बालिका
फुटबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
विद्यालय
की छह छात्राओं मान्शवी कटारिया, अवनी गुलिया, सिमरन, रितिका, दिव्यांका और आराध्या
का चयन एसजीएफआई राष्ट्रीय फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विशेष उपलब्धि के रूप
में मान्शवी कटारिया को पूरी प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर घोषित किया गया। प्रधानाचार्या
व निदेशक दिनेश कुमारी ने कहा कि विद्यार्थियों ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण
के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है। यह केवल विद्यालय ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश के लिए
गर्व का क्षण है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट
प्रदर्शन करेंगे।
खेल
विश्व विद्यालय राई के कुलपति अशोक कुमार ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल
केवल जीत का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और नेतृत्व क्षमता विकसित करने
का प्रभावी मंच है। खिलाड़ियों की खेल भावना अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी।
विद्यालय भविष्य में भी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

