कैथल-चीका मार्ग की बदहाली पर कांग्रेसी विधायक ने दिया धरना, साल भीतर उखड़ गई सड़क

WhatsApp Channel Join Now
कैथल-चीका मार्ग की बदहाली पर कांग्रेसी विधायक ने दिया धरना, साल भीतर उखड़ गई सड़क


कैथल, 17 नवंबर (हि.स.)। कैथल-चीका मार्ग की बदहाल हालत और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर कांग्रेस विधायक देवेंद्र हंस ने मंगलवार को सीवन में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने धरना दिया। समर्थकों के साथ धरने पर बैठे विधायक ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बावजूद सड़क कुछ ही समय में टूट गई। उन्होंने निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं और पैचवर्क के नाम पर खर्च की जा रही राशि की जांच करवाने की मांग की।

विधायक ने कहा कि करीब तीन वर्ष पहले इस सड़क का दोबारा निर्माण करवाया गया था, लेकिन एक साल के भीतर ही जगह-जगह से सड़क उखड़ने लगी और गहरे गड्ढे बन गए। सड़क की बदहाली को लेकर पहले भी सड़क सुरक्षा मंच के सदस्य धरना-प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर निर्माण के समय गुणवत्ता के मानकों की अनदेखी किसने की और इसकी निगरानी करने वाले अधिकारियों ने अपनी जिम्मेदारी क्यों नहीं निभाई।

पैचवर्क के नाम पर सरकारी धन खर्च करने का आरोप

देवेंद्र हंस ने कहा कि सड़क की मरम्मत के नाम पर केवल गड्ढों में पैच लगाए जा रहे हैं। कुछ समय बाद ये पैच भी उखड़ जाते हैं और सड़क फिर उसी स्थिति में पहुंच जाती है। उन्होंने निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री, ठेकेदार और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की। साथ ही सवाल उठाया कि सड़क निर्माण और बार-बार मरम्मत पर खर्च की गई सरकारी राशि का हिसाब कौन देगा। यदि जांच में अनियमितताएं सामने आती हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

गड्ढों के कारण हादसों का खतरा, कई लोग गंवा चुके जान

विधायक ने कहा कि कैथल-चीका मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं। विद्यार्थियों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों सहित हजारों लोगों को इस मार्ग से आवागमन करना पड़ता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढे हादसों का कारण बन रहे हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली अब केवल आवागमन की परेशानी नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुकी है। देवेंद्र हंस ने कहा कि मंगलवार का धरना सांकेतिक है। यदि सरकार और प्रशासन ने कैथल-चीका मार्ग सहित गुहला विधानसभा क्षेत्र की अन्य सड़कों की हालत सुधारने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो क्षेत्र के लोगों की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें करीब 25 हजार मतों से जीत दिलाकर विधानसभा में भेजा है और वह जनता के विश्वास को कायम रखते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। धरने को अधिवक्ता गौरव वधवा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष लवजिंदर सिंह चक्कू, पाली सैनी, आजाद सुरेश सैनी और राहुल राणा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भी समर्थन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778673 Articles

Share this story