जींद : नॉम्र्स पूरे होते हैं तो सफीदों को भी जिला बनाया जाएगा: रामकुमार गौतम
जींद, 29 मई (हि.स.)। सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि यदि नॉम्र्स पूरे होते हैं तो सफीदों को भी जिला बनाया जाएगा। जिससे रोजगार के बेहतर अवसर तो मिलेंगे ही साथ में सफीदों की तरक्की को भी रफ्तार मिलेगी। प्रदेश के पढ़े लिखे युवाओं को रोजगार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाकर लागू की जा रही है।
विधायक रामकुमार गौतम शुक्रवार को स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में विधानसभा क्षेत्र के लोगों की बिजली, पानी, सड़क, परिवहन, सुरक्षा, चिकित्सा, परिवार पहचान पत्र, सड़कों की लाइटें आदि से सबधित समस्याओं को सुना और उनके समाधान का संबधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आमजन की समस्या के समाधान के लिए कार्य करें। अधिकारी अपना नैतिक दायित्व का निर्वहन करते हुए फरियादियों की समस्याओं का निवारण करें।
अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का भी कार्य ड्यूटी समझते हुए पूरी ईमानदारी एवं गभीरता से करें। अगर किसी समस्या को दूर करने में कोई तकनीकी बाधा है तो फरियादी को समझाएं ताकि वह उसे दूर सके और उसकी समस्या का निवारण हो सके। किसी भी समस्या के समाधान के लिए सदैव आमजन के साथ खड़े हैं। किसी भी नागरिक को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि विधानसभा सफीदों क्षेत्र में आमजन से किसी भी तरह के विकास कार्यों में कमी नहीं रहने दी जाएगी। अप्रैल माह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा की गई घोषणाओं के पूरा होने से सफीदों हलका अपनी अलग पहचान बना कर उभरेगा।
विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायाब सिंह सैनी के आशीर्वाद से हरियाणा अग्रणी राज्यों शुमार है। इस मौके पर एसडीएम पुलकित मल्होत्रा, नायब तहसीलदार संजय शर्मा, मार्केट कमेटी सफीदों अध्यक्ष चंद्र सैनी, मार्केट कमेटी पिल्लूखेड़ा अध्यक्ष रोहताश शर्मा, नगर पालिका पूर्व अध्यक्ष सेवाराम सैनी, पूर्व पार्षद बजिंदर सैनी, विनोद कौशल, हाट मंडल अध्यक्ष गीता बुटानी, भगवत दयाल अलेवा, रामधन बुढाखेड़ा, सभी विभागों के अधिकारी, सरपंच पंच ब्लॉक समिति मेंबर आदि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

