जींद : मुख्यमंत्री 4 अप्रैल काे सफीदों को देंगे करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
जींद : मुख्यमंत्री 4 अप्रैल काे सफीदों को देंगे करोड़ों की विकास परियोजनाओं की सौगात


जींद, 27 मार्च (हि.स.)। सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी 4 अप्रैल का यहां एक रैली करेंगे और क्षेत्र के लिए अनेक विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। जिससे क्षेत्र में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी और लोगों के जीवन स्तर में सुधार होगा।

सफीदों विधायक रामकुमार गौतम शुक्रवार को बताया कि मुख्यमंत्री की रैली को लेकर जनसंपर्क किया जा रहा है। आज उन्होंने गांव बेरीखेड़ा, बूढ़ाखेड़ा, जयपुर, छापर, सफीदों शहर, सिंहपुरा, बहादरपुर, खरकड़ा, रत्ताखेड़ा, सिलाखेड़ी, बहादुरगढ़, मलार, होशियारपुरा सहित अनेक गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित करते हुए रैली के महत्व को विस्तार से बताया और अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार विकास के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और सफीदों विधानसभा क्षेत्र को भी विकास की मुख्यधारा में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। आने वाले समय में सड़कों, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े कार्यों को और गति दी जाएगी। इस रैली के माध्यम से क्षेत्र को नई दिशा और नई ऊर्जा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि यह रैली केवल एक आयोजन नही बल्कि सफीदों क्षेत्र के विकास का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। विधायक ने क्षेत्र के सभी वर्गों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों से अपील की कि वे इस रैली में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें और इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग ही विकास की सबसे बड़ी ताकत है और इसी सहयोग के बल पर सफीदों को एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र बनाया जाएगा। जनसंपर्क अभियान के दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भी भारी उत्साह देखने को मिला। वे गांव-गांव जाकर लोगों को रैली के प्रति जागरूक कर रहे हैं और अधिक से अधिक लोगों को जोडऩे का कार्य कर रहे हैं। पूरे क्षेत्र में रैली को लेकर सकारात्मक माहौल बना हुआ है। विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि चार अप्रैल को होने वाली यह धन्यवाद एवं विकास रैली निश्चित रूप से ऐतिहासिक होगी और सफीदों के विकास के नए अध्याय की शुरुआत करेगी। इस दौरान पूर्व विधायक कलीराम पटवारी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश कौशिक, सफीदों विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, जिला महामंत्री जितेंद्र रोड, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सक्षम भाटिया सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story