सोनीपत: विधायक कादियान ने कैलाना में विकास कार्यों का किया उद्घाटन
सोनीपत, 03 जुलाई (हि.स.)। गन्नौर
के गांव कैलाना में शुक्रवार को विधायक देवेंद्र कादियान ने करीब एक करोड 79 लाख रुपये
के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास किया। विधायक ने करीब 30 लाख रुपये की लागत
से मंदिर वाले तालाब की चारदीवारी, 15 लाख 50 हजार रुपये से बनी चार गलियों, 20 लाख
रुपये की लागत से तैयार फिरनी, 41 लाख रुपये से बने पनघट वाले रास्ते तथा 61 लाख रुपये
की लागत से पनघट से सिटावली रोड तक बने संपर्क मार्ग का उद्घाटन किया।
विधायक
कादियान ने 12 लाख रुपए की लागत से बनने वाली श्मशान घाट स्थित तालाब की चारदीवारी
का शिलान्यास भी किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र कादियान ने कहा
कि गांवों में सड़क, गलियों और सार्वजनिक स्थलों के विकास से मूलभूत सुविधाएं मजबूत
होंगी तथा लोगों के दैनिक जीवन में आसानी आएगी। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की
गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा, ताकि इनका लाभ लंबे समय तक ग्रामीणों
को मिलता रहे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों की समस्याओं को सुन विधायक ने समाधान का
आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

