सिरसा: गैर तार्किक नियम लागू कर किसानों व आढ़तियों को परेशान कर रही सरकार: चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: गैर तार्किक नियम लागू कर किसानों व आढ़तियों को परेशान कर रही सरकार: चौटाला


सिरसा, 01 अप्रैल (हि.स.)। रानियां से इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसान विरोधी है और इस रबी के सीजन में किसानों, आढ़तियों पर अनेक गैर तार्किक नियम लागू कर उन्हें परेशान करने पर आमादा है। विधायक अर्जुन चौटाला बुधवार सिरसा की अनाज मंडी में सरसों फसल खरीद कार्य का जायजा ले रहे थे। इस दौरान विधायक किसानों से मिले और उनकी समस्याएं जानी।

उन्होंने कहा कि इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने पूरे प्रदेश में किसानों की मदद के लिए मंडियों में कष्ट निवारण केंद्र स्थापित किए हैं और जो भी किसान परेशानी महसूस करता हो, वह उस केंद्र की सहायता ले सकता है। उन्होंने कहा कि अभय सिंह चौटाला इससे पूर्व किसानों की समस्याओं के निवारण के लिए हरियाणा के राज्यपाल व मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं और मार्केटिंग बोर्ड की ओर से लगाई गई गैर तार्किक शर्तों को यथाशीघ्र हटाने की भी मांग की थी। अर्जुन चौटाला ने कहा कि इससे पूर्व भी प्रदेश में बुजुर्गों की पेंशन काटने के मामले में भी इनेलो नेे कदम उठाए तो ही बुजुर्गों की पेंशन बहाल हुई।

उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों के हितों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है और मंडियों के शैड भी बरसात में टपकते हैं। मार्केटिंग बोर्ड की ओर से अब सीवरेज लाइन डालने के लिए खुदाई की गई है, ऐसे में किसान अपनी जिंस कहां डालेंगे? उन्होंने राज्य सरकार से हाल ही में बरसात व ओलावृष्टि से प्रभावित हुई फसलों के लिए संबद्ध किसानों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व भी प्राकृतिक तौर पर नष्ट हुई फसलों का उचित मुआवजा नहीं दिया गया है जिससे किसानों को काफी आर्थिक हानि हुई है। इस अवसर पर पार्टी जिलाध्यक्ष जसवीर सिंह जस्सा, गंगाराम बजाज, गुरदयाल मेहता, मनोहर मेहता, भगवान कोटली, विनोद दड़बी, चेयरमैन रोहताश पूनिया, राजू सुधा, राजेंद्र नढा, कृष्ण गोयल, गुरविंद्र सिंह गिल भी मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story