जींद : विकसित उचाना के सपने को पूरा करने के लिए तेजी से बढ़ रहे हैं आगे : देवेंद्र अत्री

WhatsApp Channel Join Now
जींद : विकसित उचाना के सपने को पूरा करने के लिए तेजी से बढ़ रहे हैं आगे : देवेंद्र अत्री


जींद, 18 अप्रैल (हि.स.)। उचाना विधायक देवेंद्र अत्री ने कहा कि विकसित उचाना के सपने को पूरा करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जो विश्वास उचाना की जनता ने जताया है, वो उस पर खरा उतरने का काम कर रहे हैं। भाजपा विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री शनिवार को उचाना हलके के चार गांवों में 5.32 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद ग्रामीणों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अब से पहले उचाना के लोगों को चंडीगढ़, दिल्ली मं जाकर लाइनों में लग कर मिलना पड़ता था। वहां जाने के बाद ये देखना पड़ता था कि जिनसे मिलने गए हैं, उसका मूड कैसा है। आठ से 10 हजार रुपये खर्च हो जाते थे।

सुबह लोग घर से निकलते थे रात को घर आते थे। जिस काम के लिए गए हैं, वो काम होगा या नहीं ये भी पक्का नहीं होता था। अब समय बदल गया है। उचाना हलके के मतदाताओं ने विधानसभा भेज कर सेवा का अवसर दिया है। सप्ताह में कोशिश रहती है कि पांच दिन लोगों के बीच रहूं। उन्होंने बताया कि शनिवार को दो करोड़ 56 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और घसो के आरोही स्कूल में दो करोड़ 76 लाख रुपये की लागत से बनने वाले गर्ल हॉस्टल का भूमि पूजन शामिल है। उद्घाटन किए गए विकास कार्यों में घसो कलां, घसो खुर्द, करसिंधु और छात्तर गांवों में गलियों, चौपालों और पशु अस्पताल में कमरों का निर्माण शामिल है।

विधायक के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। विधायक ने बताया कि उचाना ब्लॉक के घसो स्थित आरोही स्कूल में छात्राओं के लिए 100 बेड का गर्ल हॉस्टल बनाया जाएगा। इस हॉस्टल में 40 कमरे होंगे और इसका निर्माण निर्धारित क्षेत्र में होगा। आरोही स्कूल कुल सात एकड़ में फैला हुआ है। इस मौके पर एसडीएम रमित यादव, बीडीपीओ शमशेर नैन सहित पंचायत विभाग और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story