सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन कर विधायक आफताब अहमद ने सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
सफाई कर्मचारियों की मांगों का समर्थन कर विधायक आफताब अहमद ने सरकार को घेरा


नूंह, 07 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा प्रदेश में सफाई कर्मचारियों की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लंबे समय से किए जा रहे धरने-प्रदर्शन के बीच नूंह विधायक चौधरी आफताब अहमद ने प्रदेश सरकार को घेरा है। विधायक ने सफाई कर्मचारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उनका जल्द समाधान करने की मांग की।

विधायक ने सोमवार को जारी बयान में कहा कि सफाई कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों के धरने पर बैठने के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। जगह-जगह कूड़ा जमा होने से आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी शहरों और गांवों की सफाई व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद यदि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन करने के लिए मजबूर हैं, तो सरकार को उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करना चाहिए।

विधायक ने प्रदेश सरकार से सफाई कर्मचारियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत कर उनकी जायज मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सफाई व्यवस्था सीधे तौर पर आमजन के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन से जुड़ी हुई है। ऐसे में सरकार को कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Share this story