पलवल में नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध किया ताे परिवार पर हमला

WhatsApp Channel Join Now

पलवल, 05 फ़रवरी (हि.स.) । जिले के चांदहट थाना क्षेत्र में एक परिवार पर हमले की घटना सामने आई है। नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ का विरोध करने पर आरोपियों ने घर में घुसकर मां के कपड़े फाड़े और पूरे परिवार पर जानलेवा हमला किया। मिली जानकारी के अनुसार देर रात गली में गाली-गलौज की आवाज सुनकर महिला और उसकी 16 वर्षीय बेटी बाहर निकली। ज्ञानचंद, नरेश, राजू, देशराज घर के दरवाजे पर खड़े थे और बेटी को बाहर खींचने लगे। विरोध करने पर मां के साथ मारपीट की गई तथा उसके कपड़े फाड़ दिए गए।

पीड़िता के पति के बाहर आने पर देशराज ने फावड़े से उनके सिर पर वार किया, जिससे वे लहूलुहान हो गिर पड़े। इसी दौरान पवन और अन्नू बाइक पर हथियार लेकर पहुंचे तथा परिवार को जान से मारने की धामकी दी। घटना के बाद नाबालिग बेटी गहरे सदमे में है। माता-पिता व बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आरोपी लंबे समय से बेटी को अश्लील फब्तियां कसते थे, जिसकी शिकायत पर रंजिश बढ़ गई।

थाना प्रभारी ने गुरूवार को जानकारी देते हुए बताया कि पीड़िता की शिकायत पर चांदहट थाना पुलिस ने ज्ञानचंद, नरेश, राजू, देशराज, पवन व अन्नू सहित छह नामजद आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद ने बताया कि जांच शुरू हो गई है और जल्द गिरफ्तारियां होंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story