यमुनानगर: जहरीला पदार्थ निगलने से किशोरी की मौत, जांच में जुटी पुलिस

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 07 मई (हि.स.) यमुनानगर शहर के रायपुर कॉलोनी क्षेत्र में एक किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगलने से मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान 17 वर्षीय महक के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में चले गए थे। कुछ समय बाद महक की अचानक तबीयत खराब होने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिवार के सदस्य पहले उसे नजदीकी क्लिनिक में ले गए, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू किया।

बताया गया है कि अगले दिन भी उसकी स्थिति चिंताजनक बनी रही। लगातार इलाज के बावजूद गुरुवार तड़के उसकी मृत्यु हो गई। मृतका के पिता फरीद ने बताया कि उनकी बेटी आठवीं कक्षा तक पढ़ी थी और घर में किसी प्रकार का तनाव नहीं था। उन्होंने कहा कि परिवार को इस बात की जानकारी नहीं है कि उसने कौन सा पदार्थ सेवन किया और इसके पीछे क्या कारण था। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। जांच अधिकारी रमनदीप सिंह ने बताया कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story