यमुनानगर:नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास में युवक काबू, पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 14 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के थाना बुडि़या क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। परिजनों ने आरोपी युवक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है और उसकी चार बेटियां हैं। बड़ी बेटी दसवीं कक्षा में पढ़ती है। आरोप है कि गांव का ही 23 वर्षीय युवक सौरभ पिछले करीब दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उनकी नाबालिग बेटी का शोषण करता आ रहा था।

इस संबंध में आरोपी के परिजनों को पहले भी अवगत कराया गया था, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। शिकायत के अनुसार, वह और उसकी पत्नी खेत में गेहूं की कटाई के लिए गए थे, जबकि बेटी घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी घर में घुस गया और जबरदस्ती करने लगा। कुछ देर बाद जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपने कब्जे में ले लिया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लंबे समय से उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर गलत काम करता रहा है और घटना वाले दिन उसने जबरन घर में प्रवेश कर फिर से वारदात का प्रयास किया। थाना बुडिया पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story