नूंह: शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर हाेगी कार्रवाई: विपुल गाेयल

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर हाेगी कार्रवाई: विपुल गाेयल


नूंह, 21 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सचिवालय नूंह में बुधवार को जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में दो पुराने और 11 नए परिवादों सहित कुल 13 शिकायतों पर सुनवाई की गई। इस दौरान मंत्री ने कुछ शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि अन्य परिवादों को आगामी कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया।

बैठक के दौरान मंत्री विपुल गोयल ने कृषि, स्वास्थ्य, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। मंत्री विपुल गोयल ने जिले में खाद की उपलब्धता और भंडारण की स्थिति को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को डीएपी खाद प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करना संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई विक्रेता खाद की कालाबाजारी करता है या निर्धारित नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बायोमेट्रिक हाजिरी की नियमित जांच के निर्देश

सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति को लेकर भी मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि बायोमेट्रिक हाजिरी में अनुपस्थित पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में उन्होंने जिला उपायुक्त को निर्देश दिए कि वे विभिन्न विभागों में बायोमेट्रिक उपस्थिति की नियमित जांच करें। यदि जांच के दौरान किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे जनहित से जुड़े मामलों को गंभीरता से लें और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए जवाबदेही के साथ कार्य करें।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

764437 Articles

Share this story