संदीप सिंह पर केस वापस लेने के लिए धमकी दिलवाने का महिला कोच का आरोप

WhatsApp Channel Join Now

-महिला काेच ने वीडियाे जारी कर संदीप सिंह काे घेरा

चंडीगढ़, 20 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के पूर्व खेल मंत्री एवं भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान संदीप सिंह पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाने वाली जूनियर महिला कोच ने केस वापस लेने के लिए धमकियां दिलवाने का आरोप लगाया है। महिला कोच ने रविवार को फेसबुक लाइव के दौरान यह आरोप लगाया।महिला कोच ने हाल ही में चंडीगढ़ की लोकल कोर्ट में अर्जी लगाई है, जिसमें संदीप सिंह के खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास की धाराएं (376 व 511) जोड़ने की मांग की है। कोर्ट में 4 नवंबर को अगली सुनवाई होगी।

महिला कोच का कहना है कि उसके साथ केवल छेड़छाड़ नहीं हुई थी, बल्कि दुष्कर्म का प्रयास भी किया गया था। इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस भी ऐसी ही मांग को लेकर अदालत में अर्जी दे चुकी है, लेकिन निचली अदालत ने उसे खारिज कर दिया था।अब पीडि़ता ने खुद अदालत का रुख किया है।

महिला कोच ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर कहा-यह वीडियो मेरा संदीप सिंह के लिए है। चाहे वो जूनियर वकील हैं या फिर कोच हैं, जो तेरे चमचे हैं। उनसे मुझे धमकियां दिलवा रहा है। धमकियां दिलवाना बंद कर दे। मैंने तेरा कोई कॅरियर बर्बाद नहीं किया। 2 साल का टाइम कम नहीं होता। मैंने तुझे 2 साल का टाइम दिया था। मैंने तुझे कहा था कि मुझे टॉर्चर मत कर लेकिन तू बाज नहीं आया।

सब लड़कियां एक जैसी नहीं होती। मुझे तेरे से कोई बेनिफिट नहीं लेने थे। मेरा पूरा कॅरियर तूने डिस्ट्रॉय कर दिया। एक लडक़ी जिसका कोई लेना-देना नहीं, मेरी जॉब से लेकर मेरा पूरा कॅरियर तूने खत्म कर दिया। क्या हुआ, तू मेरी जांच करवाने वाला था।

सरकार तेरी, सारे विभाग तेरे, इवन मनोहरलाल खट्टर तेरे। जो तेरी प्रोटक्शन के लिए, जब मैंने तेरी करतूतें उन्हें बताईं तो उन्होंने कोई स्टैप नहीं लिया। फिर तुझे प्रोटेक्ट करने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के गिल्टी बताने के बावजूद भी वो तेरे सामने खड़ रहे। कैसे तेरा विभाग लिया, लेकिन तुझे कैबिनेट मिनिस्टर बनाकर रखा।

अब जब कोर्ट में चीजें चल पड़ी हैं। अब लाई डिटेक्टर टेस्ट के लिए 6 महीने से कोर्ट का टाइम खराब करके भागता फिर रहा है। महिला कोच ने कहा कि अपने तीन-तीन बार के किए हुए कुकर्म याद कर। यहां जमीन पर तो मैं तेरे को छोडऩे वाली नहीं हूं। अगर तूने गंदगी नहीं की तो क्यों करोड़ों के ऑफर दे रहा था। अब जो किया है, उसे भुगत। तूने मेरी जांच के लिए हरियाणा कैडर के आईपीएस से मेरी फ्रैंड व फैमिली को परेशान करवाया। जांच तो तेरी भगवान ने करवा दी चंडीगढ़ पुलिस से, जिसने सारी चीजें खोल कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story