कैथल: खनन में मुनाफे का झांसा देकर 22.50 लाख हड़पे,जान से मारने की धमकी
कैथल, 06 सितंबर (हि.स.)। कैथल जिले के पाई गांव निवासी एक व्यक्ति से खनन कारोबार में निवेश कर मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 22 लाख 50 हजार रुपये हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि निवेश के बाद जब मुनाफा देना तो दूर, पीड़ित ने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पूंडरी थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में पाई निवासी सुरेंद्र ने बताया कि वह वर्ष 2020 में डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ में पढ़ता था। इसी दौरान उसकी दोस्ती संयम मित्तल से थी। जून-जुलाई 2020 में संयम की सगाई देहरादून निवासी शिखा अग्रवाल से हुई। इसके बाद शिखा के परिवार के प्रदीप अग्रवाल, मनोज गुप्ता, सनी अग्रवाल, परिश अग्रवाल और पुलकित बंसल का उसके और उसके दोस्तों के पास आना-जाना शुरू हो गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी हरियाणा के यमुनानगर में खनन का काम करते थे। सुरेंद्र अपने दोस्तों संयम मित्तल, सचिन नेहरा और नरेंद्र कुमार के साथ रणजीतपुर स्थित महालक्ष्मी प्लांट में भी भागीदारी रखता था। सुरेंद्र के मुताबिक अगस्त-सितंबर 2020 में वह अपने दोस्तों से मिलने महालक्ष्मी प्लांट गया था। इसी दौरान सनी अग्रवाल और परिश अग्रवाल वहां खनन का काम देखने पहुंचे। दोनों ने बताया कि अगले महीने देहरादून के पास खनन ब्लॉकों की नीलामी होने वाली है और इसमें निवेश करने पर अच्छा मुनाफा कमाया जा सकता है। आरोप है कि इसके बाद शिखा अग्रवाल, प्रदीप अग्रवाल, मनोज गुप्ता, परिश अग्रवाल, सनी अग्रवाल और पुलकित बंसल ने सुरेंद्र और उसके दोस्तों को निवेश के लिए तैयार किया। उन्हें भरोसा दिलाया गया कि रकम सुरक्षित रहेगी और निवेश पर अच्छा रिटर्न मिलेगा।
सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में आरोपियों पर धोखाधड़ी करने और निवेश के नाम पर उसकी रकम हड़पने का आरोप लगाया है। उसने आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी इस तरह लोगों को अपने जाल में फंसा चुके हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। पूंडरी थाना के जांच अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

