नूंह: अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 25 वाहन जब्त कर 11.72 लाख रुपये की पेनल्टी वसूली

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 25 वाहन जब्त कर 11.72 लाख रुपये की पेनल्टी वसूली


नूंह, 17 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। प्रशासन की ओर से की गई कार्रवाई के दौरान अवैध खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन में संलिप्त 25 वाहनों को जब्त किया गया है। इन मामलों में कुल 11 लाख 72 हजार 140 रुपये की पेनल्टी वसूल की गई है। अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने मंगलवार काे अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अवैध खनन संभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति मंगलवार को लघु सचिवालय स्थित कांफ्रेंस हॉल में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स एवं जिला स्तरीय समन्वय समिति (डीएलटीएफसी) की बैठक की अध्यक्षता कर रही थीं। बैठक में जिले में अवैध खनन की रोकथाम, खनिजों के अवैध परिवहन और संबंधित विभागों की कार्रवाई की समीक्षा की गई। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि जब्त किए गए 25 वाहनों में से 16 वाहन बिना ई-रवाना के खनिजों का परिवहन करते हुए पकड़े गए हैं, जबकि 9 वाहन अंतरराज्यीय परिवहन पास (आईएसटीपी) से संबंधित नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। इन वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए संबंधित मामलों में 11,72,140 रुपये की पेनल्टी वसूल की गई है।

ज्योति ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर प्रभावी निगरानी रखें। विशेष रूप से संवेदनशील एवं अवैध खनन संभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाई जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने खनन विभाग, वन विभाग तथा हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, नूंह के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आपसी तालमेल के साथ अवैध खनन संभावित क्षेत्रों का संयुक्त निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान मौके की स्थिति का जायजा लेकर नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि विभागों के बीच बेहतर समन्वय और नियमित निरीक्षण से अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है।

अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन और खनिजों का नियमों के विरुद्ध परिवहन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों से प्राकृतिक संसाधनों को नुकसान पहुंचने के साथ पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए सभी संबंधित विभाग अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों एवं वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन का अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कार्रवाई में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायत या सूचना मिलने पर संबंधित विभाग तत्काल संयुक्त कार्रवाई करें। बैठक में एसडीएम नूंह कुंवर आदित्य विक्रम, एसडीएम तावडू जितेंद्र कुमार, सचिव आरटीए मुनीष सहगल, डीएसपी अभिमन्यु लोहान, जिला नगर योजनाकार बिनेश कुमार, जिला खेल अधिकारी भूषण कुमार और सहायक खनन अभियंता नीरज कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story