यमुनानगर: रादौर में बनेगा मिनी सचिवालय, कृषि मंत्री ने रखी आधारशिला

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: रादौर में बनेगा मिनी सचिवालय, कृषि मंत्री ने रखी आधारशिला


यमुनानगर, 22 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के रादौर उपमंडल में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए लगभग 40 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिनी सचिवालय भवन की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के लोगों को विभिन्न सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी। इससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और समय व संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने बताया कि भवन में प्रशासन से जुड़े अनेक विभागों के कार्यालय स्थापित किए जाएंगे, जिससे कार्यों में पारदर्शिता और सुविधा दोनों बढ़ेंगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देते हुए इस प्रकार की परियोजनाएं लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं। जनप्रतिनिधि के रूप में उनका प्रयास है कि लोगों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्यों को गति दी जाए।

इसके साथ ही अनाज मंडी परिसर में अटल किसान मजदूर कैंटीन का उद्घाटन भी किया गया। इस कैंटीन का संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। यहां किसानों, मजदूरों और जरूरतमंदों को कम दर पर भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि कैंटीन में पौष्टिक भोजन की व्यवस्था की गई है और एक समय में बड़ी संख्या में लोगों के बैठकर भोजन करने की सुविधा उपलब्ध है। इस पहल का उद्देश्य मंडी में आने वाले लोगों को सुलभ और किफायती भोजन उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story