गीता महोत्सव में पहली बार इसरो, नौसेना और वायुसेना की प्रदर्शनी

WhatsApp Channel Join Now
गीता महोत्सव में पहली बार इसरो, नौसेना और वायुसेना की प्रदर्शनी


गीता महोत्सव में पहली बार इसरो, नौसेना और वायुसेना की प्रदर्शनी


-गीता महोत्सव का आयोजन 5 से 25 दिसंबर तक, पश्चिम बंगाल और दिल्ली होंगे पार्टनर स्टेट

चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। कुरुक्षेत्र में 5 से 25 दिसंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव में पहली बार भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), भारतीय नौसेना और वायुसेना की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। महोत्सव में पश्चिम बंगाल और दिल्ली पार्टनर स्टेट के रूप में भाग लेंगे। आयोजन के मद्देनजर कुरुक्षेत्र के 11 चौराहों का नवीनीकरण किया जाएगा, जबकि ज्योतिसर में प्रवेश द्वार और गीता स्तंभ बनाया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को भव्य बनाने की रूपरेखा हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित हुई कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के प्रबंधक मंडल की 83वीं बैठक में तैयार की गई। उन्होंने कहा कि महोत्सव को और अधिक सुव्यवस्थित बनाने तथा श्रद्धालुओं और पर्यटकों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।

राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘डिजिटल हेरिटेज ऐप’ तथा ‘कुरुक्षेत्र सारथी मोबाइल ऐप’ का भी शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह का आयोजन 5 से 25 दिसंबर तक किया जाएगा। इस दौरान अनेक धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। लोगों को जागरूक करने के लिए 2 दिसंबर को यात्रा शुरू की जाएगी, जो 48 कोस के क्षेत्र में स्थित 182 तीर्थ स्थलों पर जाएगी। इसके अलावा 4 दिसंबर को पिपली से शोभायात्रा निकाली जाएगी। भागवत कथा, गीता सम्मेलनों के अलावा हरियाणा के गठन के 60 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

केडीबी के सदस्य सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव को भव्य और यादगार बनाने के लिए तैयार की गई योजनाओं का विस्तार से प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों, व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को आकर्षक बनाने और अधिक से अधिक लोगों को गीता के संदेश से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

बैठक में कुरुक्षेत्र सांसद नवीन जिन्दल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज, विधायक अशोक अरोड़ा, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, गृह सचिव सुधीर राजपाल, आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग, मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव डॉ. यशपाल यादव, सूचना जनसंपर्क विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, कुरुक्षेत्र के उपायुक्त विश्राम मीणा सहित केडीबी के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य मौजूद रहे।

शिल्पकार एवं गीता पुस्तक मेला होगा आकर्षण का केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पश्चिम बंगाल एवं दिल्ली पार्टनर स्टेट के रूप में भाग ले रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती पर लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में इसरो, नौसेना, वायुसेना और आईसीसीआर भी भाग लेंगे। इस दौरान शिल्पकार एवं गीता पुस्तक मेला भी लगाया जाएगा। इसमें विश्वस्तरीय शिल्पकार भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर 18 से 20 दिसंबर तक गीता जयंती समारोह आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान प्रदेश के हर गांव के मंदिर में गीता पाठ का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा देश के सभी केंद्रीय विद्यालयों एवं जवाहर नवोदय विद्यालयों में भी विद्यार्थियों की सहभागिता की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती से पहले केडीबी क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए एक माह तक स्वच्छता अभियान चलाया जाए तथा विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता बॉक्स रखे जाएं, ताकि मेला परिसर में कहीं भी गंदगी न फैले। इसके लिए समर्पित स्वच्छता फोर्स खड़ी की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769065 Articles

Share this story