हरियाणा के स्कूलों में अब लकड़ियाें पर बनेगा मिड-डे मील

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। अमेरिका-इरान की लड़ाई का असर अब हरियाणा के स्कूलों में भी देखने को मिल रहा है। राज्य के कई स्कूलों में मिड-डे मील बनाने को लेकर हो रही परेशानी के मद्देनजर सरकार ने लकडिय़ों पर मिड-डे मील बनाने के निर्देश जारी कर दिए हैं,ताकि स्कूली बच्चों को किसी प्रकार की दिक्कत न आए।

हरियाणा के कई जिलों ने एलपीजी का संकट चल रहा है। होटल उद्योग इससे बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पिछले कुछ दिनों से मिड-डे मील बनाने को लेकर भी समस्या की खबरें आ रही थी। स्कूलों में गैस खत्म है और जिलों की एजेसिंयों द्वारा पहले की तरह नियमित आपूर्ति नहीं की जा रही है। कई जगह तो बच्चों को खाना नहीं मिलने की खबरें भी आई।

इस परिस्थिति का संज्ञान लेते हुए निदेशक मौलिक शिक्षा विभाग हरियाणा ने सोमवार को राज्य के सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों के नाम पत्र जारी किया है। विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार यदि स्कूलों में एलपीजी गैस सिलेंडर की आपूर्ति समय पर नहीं हो पाती है, तो मिड-डे मील तैयार करने के लिए वैकल्पिक रूप से लकड़ी का उपयोग किया जा सकता है।

मौलिक शिक्षा हरियाणा के निदेशक की ओर से जारी इस निर्देश में सभी जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है कि वे संबंधित गैस एजेंसियों से समन्वय कर जल्द से जल्द सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित करे। इस संबंध में स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की मदद भी ले सकते हैं। इसके साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि गैस उपलब्ध न होने की स्थिति में विद्यार्थियों के भोजन में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। पत्र में उल्लेख किया गया है कि स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों को नियमित रूप से मिड-डे मील उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। ऐसे में आवश्यक होने पर अस्थायी रूप से लकड़ी का उपयोग कर भोजन तैयार किया जा सकता है, ताकि योजना प्रभावित न हो। इस निर्देश के बाद जिला स्तर पर भी अधिकारियों ने आवश्यक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। शिक्षा विभाग का कहना है कि किसी भी परिस्थिति में विद्यार्थियों को मिलने वाला भोजन बाधित नहीं होना चाहिए और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story