सरकार को माननी पड़ेंगी छात्रों की जायज मांगें: आफताब अहमद

WhatsApp Channel Join Now
सरकार को माननी पड़ेंगी छात्रों की जायज मांगें: आफताब अहमद


नूंह, 11 नवंबर (हि.स.)। नूंह से कांग्रेस विधायक आफताब अहमद मंगलवार देर रात पल्ला गांव स्थित मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने धरने पर बैठे छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और आंदोलन को अपना समर्थन दिया। इस दौरान विधायक ने कहा कि भूख हड़ताल पर बैठे छात्र अपने हक और बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। वहीं, कॉलेज के शिक्षक और अन्य कर्मचारी भी अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम के सिलसिले में केरल गए हुए थे। इससे पहले भी उन्होंने चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपकर कॉलेज की समस्याओं का समाधान कराने की मांग की थी। इसके बावजूद अब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो पाना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि जब सरकार और प्रशासन को पहले से ही कॉलेज की समस्याओं की जानकारी थी, तो समय रहते उनका समाधान क्यों नहीं किया गया। बाद में हरियाणा सरकार के मंत्री भी धरना स्थल पर पहुंचे और छात्रों से कुछ समय देने की अपील की। आफताब अहमद ने कहा कि आज दोबारा छात्रों के बीच पहुंचने पर उन्हें यह देखकर दुख हुआ कि कुछ लोग छात्रों पर दबाव बनाकर उनका धरना समाप्त कराने का प्रयास कर रहे हैं।

विधायक ने कहा कि मेवात इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्र अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और उनकी सभी मांगें जायज हैं। सरकार को छात्रों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए उनका समाधान करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने छात्रों को जबरदस्ती धरने से हटाने या उन पर दबाव बनाने का प्रयास किया तो कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ छात्रों के साथ खड़ी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775177 Articles

Share this story