भारत और फिलिस्तीन की मित्रता आधुनिक कूटनीति से कहीं पुरानी : राजदूत अब्दुल्ला मोहम्मद अबू शावेश

WhatsApp Channel Join Now
भारत और फिलिस्तीन की मित्रता आधुनिक कूटनीति से कहीं पुरानी : राजदूत अब्दुल्ला मोहम्मद अबू शावेश


भारतीय सैनिकों की स्मृतियां आज भी फिलिस्तीन

की धरती पर मौजूद

गुजवि के युवा महोत्सव में विद्यार्थियों से संवाद

कर शिक्षा, शांति और वैश्विक सहयोग पर रखे विचार

हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। भारत और फिलिस्तीन के

रिश्ते केवल कूटनीतिक मुलाकातों और अंतरराष्ट्रीय मंचों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके

बीच दोस्ती, साझा इतिहास और मानवीय जुड़ाव की ऐसी विरासत है, जिसकी निशानियां आज भी

फिलिस्तीन की धरती पर मौजूद हैं। यरुशलम की भारतीय धर्मशाला से लेकर गाजा और हाइफा

में भारतीय सैनिकों की कब्रों तक इतिहास दोनों देशों के गहरे संबंधों की गवाही देता

है।

इसी ऐतिहासिक मित्रता और भविष्य के शैक्षणिक-सांस्कृतिक

सहयोग का संदेश सोमवार को यहां के गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय

के युवा महोत्सव प्रबोधिनी के अंतरराष्ट्रीय मंच से सामने आया। फिलिस्तीन के राजदूत

महामहिम अब्दुल्ला मोहम्मद अबू शावेश ने युवा महोत्सव के अंतिम दिन विशिष्ट अतिथि के

रूप में शिरकत करते हुए विद्यार्थियों के साथ संवाद किया। उन्होंने भारत की सभ्यतागत

विरासत और फिलिस्तीन के साथ ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और फिलिस्तीन

की मित्रता केवल आधुनिक कूटनीतिक इतिहास का एक अध्याय नहीं है। इसकी जड़ें अतीत में

बहुत गहराई तक फैली हुई हैं। यरुशलम की भारतीय धर्मशाला और गाजा व हाइफा में भारतीय

सैनिकों की कब्रें इस ऐतिहासिक उपस्थिति की अमिट स्मृतियां हैं।

राजदूत ने भारत को विश्व की सबसे प्राचीन और समृद्ध

सभ्यताओं में से एक बताते हुए कहा कि यहां दर्शन, साहित्य, विज्ञान, कला और आध्यात्मिक

चिंतन की असाधारण विरासत मौजूद है। उन्होंने कहा कि किसी भी राष्ट्र की वास्तविक ताकत

केवल उसकी तकनीक या प्राकृतिक संसाधनों से नहीं आंकी जा सकती, बल्कि उसके लोगों की

कल्पनाशीलता, ज्ञान, दृढ़ संकल्प और चरित्र भी उसकी सबसे बड़ी संपत्ति होते हैं।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. विजय कुमार ने

कहा कि फिलिस्तीन के राजदूत का आगमन विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए वैश्विक सांस्कृतिक

एवं शैक्षणिक परिदृश्य को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। न्याय, स्वतंत्रता, शांति और

सह-अस्तित्व जैसे मूल्यों के संदर्भ में यह संवाद विशेष महत्व रखता है। उन्होंने उम्मीद

जताई कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय संपर्क भारत और फिलिस्तीन के शिक्षण संस्थानों के

बीच आपसी सहयोग, गुणवत्तापरक शोध और सांस्कृतिक आदान-प्रदान के नए रास्ते खोलेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782079 Articles

Share this story