मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल से केंद्र को हुई 900 करोड़ सब्सिडी की बचत : नायब सैनी

WhatsApp Channel Join Now

-हरियाणा की छह लाख एकड़ भूमि सेम की समस्या से ग्रस्त

चंडीगढ़, 19 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा में मेरी फसल—मेरा ब्यौरा पोर्टल का लाभ हुआ है, जो भी किसान खाद लेते हैं, उसे इस पोर्टल के माध्यम से लिंक किया गया है। इससे किसानों की डिमांड के अनुरूप खाद प्राप्त हुई। इससे लगभग 900 करोड़ रुपए की खाद सब्सिडी की बचत केंद्र सरकार की हुई है। केंद्र सरकार ने एफपीओ के इकोसिस्टम को पूरे देश में सुदृढ़ करने की आवश्यकता पर भी बल दिया है और इस दिशा में हरियाणा में एफपीओ मिशन का पिछले दिनों शुभारंभ किया गया था।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शनिवार को दिल्ली के भारत मंडपम में दो दिवसीय ‘विकसित भारत की ओर भारत की यात्रा का वित्तपोषण’ सम्मेलन में भाग लेने के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में जिस प्रकार से सेम का पानी ऊपर आ गया है, लगभग 6 लाख एकड़ के करीब भूमि सेम की समस्या से ग्रस्त है, उसके बारे में भी सम्मेलन में सुझाव रखा है। सम्मेलन में सोलर एनर्जी और ग्रीन एनर्जी पर चर्चा की गई। उन्होंने सोलर व ग्रीन एनर्जी को बढ़ाने के सुझाव दिए गए। उम्मीद है कि इस सम्मेलन में लिए गए निर्णयों पर सकारात्मक परिणाम निकलेंगे और उनका लाभ पूरे देश के राज्यों को मिलेगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण गुप्ता, हरियाणा के वित्त विभाग की आयुक्त एवं सचिव आशिमा बराड़ व अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story