जींद: अतिथि अध्यापकों को गिरफ्तार किए जाने पर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
जींद: अतिथि अध्यापकों को गिरफ्तार किए जाने पर कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन


जींद, 16 नवंबर (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ के आह्वान पर सोमवार को अतिथि अध्यापक नेताओं को कुरूक्षेत्र में गिरफ्तार किए जाने के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उपायुक्त कार्यालय पर पहुंच कर नायब तहसीलदार बलराम को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन से पहले रोष सभा का आयोजन किया गया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान संजीव ढांडा ने की और संचालन जिला सचिव सन्नी ने किया।

उन्होंने कहा कि गत 23 जून से अतिथि अध्यापक कुरुक्षेत्र में लगातार पड़ाव डाले हुए हैं। वे अपने नियमितीकरण की मांग को लेकर पांच बड़े प्रदर्शन और एक न्याय यात्रा कर चुके हैं। इसके बावजूद सरकार उनकी मांगों का समाधान करने के बजाय आंदोलन को कुचलने का रास्ता अपना रही है। मॉक असेंबली से पहले ही हजारों शिक्षकों को हिरासत में लेना सरकार की लोकतंत्र विरोधी मानसिकता को उजागर करता है। अतिथि अध्यापकों का नियमितीकरण कोई नई या असंवैधानिक मांग नही है। हरियाणा के सरकारी विद्यालयों में वर्ष 2005-06 से विज्ञापन, निर्धारित शैक्षणिक योग्यताओं, विभागीय चयन समितियों और मेरिट सूची के आधार पर अतिथि अध्यापकों की नियुक्तियां की गई थी। ये शिक्षक पिछले लगभग 21 वर्षों से प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के द्वारा कुरुक्षेत्र में अतिथि अध्यापकों द्वारा अपनी न्यायसंगत मांगों को लेकर चलाए जा रहे आंदोलन के दौरान अध्यापक नेताओं की गिरफ्तारी, हजारों शिक्षकों को हिरासत में लेने तथा विभिन्न जिलों से प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आ रही बसों को पुलिस द्वारा रास्ते में रोकने की कड़ी निंदा की है। जिला कमेटी ने इसे लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक अधिकारों पर सीधा हमला करार देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग उठाना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है लेकिन प्रदेश सरकार पुलिस बल का इस्तेमाल करके कर्मचारियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। सरकार को न्यायालयों के फैसलों और 2014 की नियमितीकरण नीति की भावना के अनुरूप सभी पात्र कर्मचारियों को नियमित करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए। संजीव ढांडा ने सभी विभागीय संगठनों और कर्मचारियों से प्रदर्शन में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story