सिरसा: प्रोपर्टी डीलर एसोसिएशन ने उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
सिरसा, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रोपर्टी डीलर एसोसिएशन ने उपायुक्त को मांगों और रजिस्ट्री कार्य में आ रही बाधाओं बारे ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के प्रधान मनोज मकानी ने शुक्रवार काे बताया कि पिछले काफी समय से सिरसा में जमीनों और प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री को लेकर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि रजिस्ट्री के लिए इस्तेमाल होने वाले सरकारी पोर्टल में बार-बार तकनीकी खराबी आने के कारण काम बंद पड़ा है। सरकार द्वारा लागू किए गए नए नियमों और एनओसी की प्रक्रिया इतनी जटिल है कि आम आदमी और प्रोपर्टी डीलर दोनों ही परेशान हैं।
रजिस्ट्री न होने के कारण प्रॉपर्टी बाजार में मंदी का माहौल है, जिससे सरकार को मिलने वाले राजस्व और व्यापारियों के व्यापार, दोनों को भारी चपत लग रही है। एसोसिएशन ने उपायुक्त से मांग की कि रजिस्ट्री प्रक्रिया को सरल बनाया जाए और तहसील स्तर पर आ रही भ्रष्टाचार या देरी की शिकायतों का निपटारा किया जाए। एसोसिएशन सदस्यों का कहना है कि रजिस्ट्री प्रक्रिया पारदर्शी और सुगम हो, ताकि आम जनता को परेशान न होना पड़े। वर्तमान में नियमों के जाल में उलझकर काम पूरी तरह से प्रभावित है।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

