सिरसा: धान खरीद में गड़बड़ी की जांच के लिए बनी कमेटी से नाखुश किसानों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: धान खरीद में गड़बड़ी की जांच के लिए बनी कमेटी से नाखुश किसानों ने डीसी को सौंपा ज्ञापन


सिरसा, 05 मार्च (हि.स.)। सिरसा जिले की फग्गू अनाज मंडी में धान खरीद में किसानों के साथ हुई गड़बड़ी की जांच के लिए बनी कमेटी से नाखुश किसानों ने गुरुवार को सिरसा के उपायुक्त शांतनु शर्मा को ज्ञापन सौंपा है।

भारतीय किसान एकता (बीकेई) के प्रदेशाध्यक्ष लखविंद्र सिंह औलख ने बताया कि फग्गू अनाज मंडी में किसानों से धान खरीदी के समय नमी के नाम पर 10 से 20 किलो प्रति क्विंटल काट ली गई, जिसकी शिकायत उपायुक्त से की गई थी। किसानों का आरोप था कि प्राइवेट शेलर मालिक धान की नमी की जांच अपने प्राइवेट मॉइश्चर मीटर से कर रहे थे। फग्गू मंडी में धान की खरीद सरकारी खरीद एजेंसी वेयर हाउस को दी गई थी, जो मिलिंग के लिए धान प्राइवेट सेलरों में लगा रही थी, लेकिन डीएम वेयरहाउस ने राइस शेलर मालिकों और आढ़तियों को किसानों को लूटने के लिए खुली छूट दे रखी थी। सरकारी खरीद एजेंसी और मार्केट कमेटी कालांवाली का कोई अधिकारी/कर्मचारी फगू मंडी में नहीं था, उसी समय किसानों ने मार्केट कमेटी सचिव और वेयरहाउस के परचेजर को बुलाया तो पाया गया कि सरकारी मशीन से धान की नमी 21.3 आई व शैलर वाली मशीन पर नमी 28.7 दर्शाई गई।

इस घोटाले की उच्च स्तरीय जांच करवाकर किसानों के साथ हुई लूट की भरपाई करवाने के लिए भारतीय किसान एकता की ओर से मुख्यमंत्री के नाम उपायुक्त सिरसा को मांग पत्र सौंपा, जिस पर धान घोटाले की जांच के लिए एसडीएम कालांवाली और डीएफएससी की जांच कमेटी बनाई गई। पीडि़त किसानों ने फग्गू अनाज मंडी में सारे सबूत पेश किए, लेकिन चार महीने बीत जाने के बावजूद भी अभी तक नमी के नाम पर किसानों के धान के वजन में की गई कटौती उन्हें वापस नहीं मिली है और ना ही इस लूट में शामिल डीएम वेयरहाउस, मार्केट कमेटी सचिव कालांवाली, राईस शेलर मालिकों और आढ़तियों पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

किसान नेता औलख का आरोप है कि एसडीएम कालांवाली और डीएफएससी इन्हें बचाने में लगे हुए हैं फगू अनाज मंडी में 1.32 लाख क्विंटल के लगभग धान की खरीद हुई है। किसान नेताओं ने उपायुक्त से मांग की है कि किसानों को न्याय दिलाया जाए और धान खरीद लूट में शामिल डीएम वेयरहाउस सिरसा, मार्केट कमेटी सचिव कालांवाली राईस शेलर मालिकों और आढ़तियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए। इस मौके पर बीकेई प्रदेश महासचिव अंग्रेज सिंह कोटली, भूतपूर्व सैनिक सौदागर सिंह, जसपाल सिंह फग्गू, संदीप सिंह, कुलदीप सिंह झोरडऱोही मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story