हिसार : पब्लिक हेल्थ ब्रांच कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : पब्लिक हेल्थ ब्रांच कर्मचारियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन


कार्यकारी अभियंताओं को सौंपा मांगों का ज्ञापन

हिसार, 16 जून (हि.स.)। सर्व कर्मचारी संघ से संबंधित हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी

मैकेनिकल वर्कर यूनियन की पब्लिक हेल्थ ब्रांच, हिसार के कर्मचारियों ने मंगलवार को

अपनी 17 सूत्रीय मांगों बारे हिसार के तीनों कार्यकारी अभियंताओं के कार्यालयों पर

प्रदर्शन किया। प्रदर्शन उपरांत कार्यकारी अभियंताओं को मांग पत्र का ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान अशोक कुमार ने की जबकि संचालन विकास गोस्वामी

ने किया। इस अवसर पर जिला प्रधान ओमप्रकाश माल, पूर्व प्रधान नरेश गौतम, उपप्रधान रामू

शर्मा तथा सीसी सदस्य दीपक शर्मा ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सरकार से लंबित

मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि विभाग में कार्यरत कच्चे

कर्मचारियों, एचकेआरएनएल, टर्म अपॉइंटी, पंचायत ऑपरेटर और दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों

को नियमित किया जाए तथा नियमितीकरण तक समान काम के लिए समान वेतन लागू कर उनकी सेवाएं

सुरक्षित की जाएं। उन्होंने ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव का कार्य ग्राम

पंचायतों को सौंपने के निर्णय पर रोक लगाने की भी मांग की।

कर्मचारियों ने रेशनलाइजेशन के नाम पर पदों में कटौती बंद करने, कार्य विस्तार

के अनुसार नए पद सृजित करने, आरएमई कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करने, योग्य

कर्मचारियों को पदोन्नति देने, ग्रुप-डी कर्मचारियों को तकनीकी पदों पर पदोन्नत करने

तथा लंबित एलटीसी भुगतान जारी करने की मांग उठाई। ज्ञापन में जोखिम भत्ता लागू करने, लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को एचकेआरएनएल

पोर्टल पर अपडेट करने तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कर्मचारियों को मुफ्त

पेयजल सुविधा प्रदान करने की मांग भी शामिल रही। प्रदर्शन में सुरेंद्र चहल, रामफल

पूनिया, अशोक पूनिया, नरेश अग्रोहा, बृजलाल, सुमित शर्मा, सतीश डाबड़ा, सोनू लोट और

विक्रम सिंह नागर सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story