हिसार : शिष्टमंडल ने ट्रेन का विस्तार करने के लिए जनप्रतिनिधियों को दिया ज्ञापन
शिष्टमंडल ने विधायक
विनोद भयाना व हांसी नगर निगम के चेयरमैन प्रवीण ऐलावादी से की मुलाकात, ट्रेन विस्तार
के लिए दिया ज्ञापन
हिसार, 25 अप्रैल
(हि.स.)। ट्रेन का विस्तार करने के लिए शिष्टमंडल ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करके
उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से भिवानी से हांसी होते हुए लुधियाना जाने
वाली ट्रेन का अमृतसर तक विस्तार करने की मांग रखी गई।
शिवम सोनी, जितेंद्र ठकराल,
नंद किशोर व दिनेश कुमार पर आधारित शिष्टमंडल ने शनिवार काे हांसी के विधायक विनोद भयाना व हांसी
नगर निगम के चेयरमैन प्रवीण ऐलावादी को ज्ञापन सौंपकर यात्रियों को आने वाली समस्याओं
से अवगत करवाया। शिष्टमंडल ने स्पष्ट किया कि अमृतसर तक ट्रेन का विस्तार होने से सैकड़ों
यात्री लाभान्वित होंगे और उनकी यात्रा सुगम हो जाएगी।
शिवम सोनी ने बताया
कि ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि अब भिवानी से हांसी होते हुए लुधियाना की ट्रेन
सुविधा है। इसका विस्तार करते हुए अमृतसर तक की ट्रेन शुरू करने की नितांत आवश्यकता
है। उन्होंने बताया कि भिवानी व हांसी से प्रतिदिन पंजाब के प्रमुख शहरों अमृतसर, ब्यास,
जालंधर कैंट व नकोदर तक सैकड़ों यात्री जाते हैं लेकिन सीधी ट्रेन की सुविधा न होने
से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यात्रियों को लुधियाना में पहुंचकर
दूसरी ट्रेन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है। इस कारण कई बार महत्वपूर्ण कार्यों
में भी व्यवधान पड़ जाता है। अमृतसर तक सीधी ट्रेन व्यवस्था होने से यात्रियों को काफी
राहत मिलेगी और समय व संसाधनों की भी बचत होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

