पानीपत: गौरक्षक दल के सदस्य बताकर कैंटर चालक को लूटा

WhatsApp Channel Join Now
पानीपत: गौरक्षक दल के सदस्य बताकर कैंटर चालक को लूटा


पानीपत, 03 अगस्त (हि.स.)। पानीपत के गांव मतलौडा और नारा के बीच खुद को गोरक्षक दल के सदस्य बताकर तीन युवकों ने एक कैंटर चालक से मारपीट करते हुए करीब पचास हजार रुपये की नकदी लूट ली। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर केस दर्ज जांच शुरू कर दी है। मतलौडा थाना पुलिस को दी गई शिकायत में जींद निवासी पीड़ित मन्नू ने बताया कि वह पेशे से ड्राइवर है। उसने और उसके छोटे भाई टिंकू ने मिलकर अपने भाई के नाम पर एक आयशर कैंटर खरीदा हुआ है। दो अगस्त की रात वह और उसका भाई टिंकू कांदला (उत्तर प्रदेश) से केले खाली करके गाड़ी से वापस अपने गांव आ रहे थे। कैंटर को मन्नू चला रहा था, जबकि उसका भाई टिंकू केबिन के पीछे वाली सीट पर सोया हुआ था। पीड़ित के अनुसार, रात को जब वह असंध-पानीपत हाईवे पर गांव मतलौडा और नारा के बीच गौशाला के पास पहुंचे, तो एक बाइक पर सवार तीन युवक उनकी गाड़ी की ड्राइवर साइड आए। उन्होंने आवाज लगाकर कहा कि वे गोरक्षक दल से हैं और गाड़ी रोककर चेकिंग करवाएं।

हाईवे पर गड्ढे अधिक होने के कारण मन्नू गाड़ी को धीरे-धीरे चलाता रहा और डर के मारे उसने गाड़ी नहीं रोकी। इस पर गुस्साए बाइक सवार तीनों युवकों ने दादी सती मंदिर गांव नारा से थोड़ा आगे बीच सड़क पर बाइक खड़ी करके रास्ता रोक लिया और पत्थर उठाकर कैंटर की खिड़की के शीशे पर दे मारा, जिससे शीशा चकनाचूर हो गया। शीशा टूटने की आवाज सुनकर भाई टिंकू जग गया।

मन्नू ने भाई से केबिन में ही रुकने को कहा और खुद चेकिंग कराने नीचे उतरा। गाड़ी के पीछे पहुंचते ही तीनों युवकों ने मन्नू को सड़क पर गिरा दिया और थप्पड़-मुक्कों व लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद दो युवकों ने उसकी पैंट की जेब से 49 हजार,500 रुपए की नकदी निकाल कर जब आरोपी भागने लगे, तो मन्नू ने अपने भाई को आवाज दी। भाई के नीचे आने तक तीनों बदमाश बाइक से फरार हो चुके थे। हालांकि, भागते समय पीड़ितों ने बदमाशों की बाइक का नंबर नोट कर लिया। घटना के तुरंत बाद छोटे भाई ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाइक नंबर व पीड़ित के बयानों के आधार पर तीनों अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

Share this story