यमुनानगर:पिकअप वाहन से 600 किलो मांस बरामद, तीन पर मामला दर्ज
यमुनानगर, 12 अगस्त (हि.स.) यमुनानगर के गाँव करहेड़ा चौक पर श्रीराम गो रक्षा दल के सदस्यों ने एक पिकअप वाहन से करीब 600 किलो मांस बरामद कर तीन लोगों को पुलिस के हवाले किया। दल के सदस्यों ने मांस को गोमांस होने का दावा किया है।
श्रीराम गो रक्षा दल के सदस्य हर्षित की शिकायत के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि एक पिकअप में मांस ले जाया जा रहा है। इसके बाद दल के सदस्य करहेड़ा चौक स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंचे और अशोक लीलैंड पिकअप को रुकवाकर उसकी जांच की। वाहन के पिछले हिस्से में रखे प्लास्टिक के क्रेटों के नीचे गठरियों में मांस छिपा मिला।
सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने वाहन और उसमें सवार तीनों लोगों को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। आरोपियों की पहचान सहारनपुर निवासी अनीश, यमुनानगर निवासी शाहरुख तथा नाजिम के रूप में हुई। यमुनानगर सदर थाना पुलिस ने तीनों के खिलाफ हरियाणा गौवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम, 2015 की धारा 13(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मांस को बाद में मौके पर गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि मांस कहां से लाया गया था, इसे कहां ले जाया जा रहा था और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या नेटवर्क तो शामिल नहीं है। पुलिस वाहन, आरोपियों और बरामदगी से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

