नूंह: छह-सात दिन में ही उखड़ने लगी 38 लाख रुपये की नवनिर्मित सड़क

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: छह-सात दिन में ही उखड़ने लगी 38 लाख रुपये की नवनिर्मित सड़क


नूंह, 24 नवंबर (हि.स.)। नूंह जिले के नगीना खंड में सरकारी विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मोहम्मद नगर से बलई गांव तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण लगभग 38 लाख रुपये की लागत से कराया गया, लेकिन निर्माण के महज छह-सात दिन बाद ही सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी है। नवनिर्मित सड़क की यह हालत देखकर ग्रामीणों में नाराजगी है। मंगलवार काे ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने और घटिया सामग्री इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीण अबरार, जफर हुसैन, आमिर, मंजूर मोहम्मद और बिलाल सहित अन्य लोगों का कहना है कि मोहम्मद नगर से बलई गांव को जोड़ने वाली यह सड़क पिछले चार-पांच वर्षों से जर्जर हालत में थी। लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण का कार्य शुरू हुआ तो ग्रामीणों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन निर्माण पूरा होने के महज एक सप्ताह के भीतर ही सड़क कई स्थानों से उखड़ने लगी। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण से पहले उचित तरीके से सफाई और जरूरी तैयारी नहीं की गई। इसके बाद जल्दबाजी में तारकोल डालकर सड़क तैयार कर दी गई। करीब 12 फीट चौड़ी इस सड़क की बदहाल स्थिति का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़क निर्माण के कुछ दिनों बाद ही उखड़ने लगी है तो पहली बरसात में इसकी हालत और खराब हो सकती है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी धन से बनने वाली सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का पालन होना चाहिए। यदि निर्माण में किसी प्रकार की अनियमितता हुई है तो इसकी जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

मामले को लेकर मार्केटिंग बोर्ड के एक्सईएन अतुल यादव ने बताया कि सड़क निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री की सैंपलिंग ग्रामीणों की मौजूदगी में कराई जाएगी। सैंपल की जांच में यदि गुणवत्ता संबंधी कमी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल विभाग की ओर से सैंपलिंग कराने के आश्वासन के बाद ग्रामीणों की निगाहें जांच पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में निर्माण सामग्री की गुणवत्ता को लेकर क्या खुलासा होता है और सड़क को दुरुस्त कराने के लिए विभाग की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story