नूंह: वेयरहाउस में भीषण आग से करोड़ों का सामान खाक
नूंह, 05 मई (हि.स.)। तावड़ू उपमंडल के गांव जोरासी में मंगलवार को एक होलसेल वेयरहाउस में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। हादसे में वेयरहाउस में रखा करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख होने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समय रहते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वेयरहाउस से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कुछ ही मिनटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। अंदर रखे ज्वलनशील सामान के चलते आग तेजी से फैलती चली गई और पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही तावड़ू फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए भिवाड़ी, बिलासपुर, सोहना और नूंह से भी अतिरिक्त दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास किया।घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र को घेर लिया गया। भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत एवं बचाव कार्यों को सुचारू रूप से संचालित किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, वेयरहाउस में भारी मात्रा में माल रखा हुआ था, जिसके चलते नुकसान करोड़ों रुपये में होने का अनुमान है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस व प्रशासन की टीमें मामले की जांच में जुटी हुई हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

