हरियाणवी गायक मासूम शर्मा को महिला आयोग ने जारी किया नोटिस

WhatsApp Channel Join Now


-देहरादून में मंच से अभद्र भाषा बोलने का आरोप

चंडीगढ़, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयाेजित एक कार्यक्रम के दौरान मंच से गालियां देने के बाद हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा नए विवाद में घिर गए हैं। उत्तराखंड पुलिस ने जहां इस मामले की जांच शुरू कर दी है वहीं रविवार को हरियाणा महिला आयोग ने भी मासूम शर्मा को नोटिस जारी कर दिया है।

मासूम शर्मा इससे पहले भी कई बार विवादों में घिर चुके हैं। राज्य महिला आयोग की चेयपर्सन रेणु भाटिया की ओर से मासूम शर्मा को भेजे गए समन में कहा गया है कि इस प्रकार के आरोप, यदि सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक सार्वजनिक व्यक्ति के आचरण पर सवाल खड़े करते हैं, बल्कि समाज में महिलाओं की गरिमा, सम्मान और मर्यादा के लिए भी गंभीर चिंता का विषय हैं। मासूम शर्मा ने देहरादून के कालेज में मंच से सार्वजनिक रूप से भद्दे शब्दों का इस्तेमाल किया था। ऐसा वह पहले भी कई कार्यक्रमों में कर चुके हैं। आयोग को हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम 2012 के तहत अधिकार प्राप्त हैं, जिसके अंतर्गत वह किसी भी व्यक्ति को तलब कर सकता है, जानकारी मांग सकता है और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मामलों में जांच कर सकता है।

राज्य महिला आयोग की ओर से मासूम शर्मा को भेजे गए नोटिस के अनुसार उन्हें 18 अप्रैल को सुबह 11 बजे पंचकूला स्थित आयोग के कार्यालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने की स्थिति में आयोग कानून के तहत उचित कार्रवाई कर सकता है। आयोग ने इस मामले को अत्यंत जरूरी बताते हुए त्वरित कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story