हांसी : दहेज प्रताड़ना से परेशान विवाहिता ने फंदे पर लटक कर जान दी
एक साल के बेटे की मां थी विवाहिता, ढाई साल
पहले हुई थी शादी
हांसी, 11 अप्रैल (हि.स.)। उपमंडल के गांव जमावड़ी
में एक 25 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान प्रीति
के रूप में हुई है, जो एक साल के बच्चे की मां थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल
पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और मारपीट करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने
पर पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को फंदे से उतार पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया
जहां मृतका के पिता ओमप्रकाश की शिकायत के आधार पर पति सहित 6 अन्य नामजद के खिलाफ
मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप मामले की जांच आरंभ कर दी
है।
पुलिस को दी शिकायत में प्रीति के पिता ओमप्रकाश
ने शनिवार को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी प्रीति की शादी 29 नवंबर 2023 को गांव जमावड़ी
निवासी सोनू से की थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग प्रीति को दहेज के लिए
परेशान करते थे और दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। शिकायत में कहा गया है कि
ससुराल पक्ष ने मार्च में भी पांच लाख रुपए की मांग करते हुए प्रीति के साथ मारपीट
की गई थी और इसके बाद 10 अप्रैल की शाम करीब 6 बजे परिवार को सूचना मिली कि प्रीति
ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।
परिजन जब मौके पर पहुंचे तो प्रीति का शव पंखे
से लटका हुआ मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद डायल
112 पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर शव को
पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। पुलिस ने मृतका के पिता
की शिकायत के आधार पर उसके पति सोनू, जेठ अनूप, ननद रीना, ननद बर्फी, ससुर रामकुमार
और जेठानी सोनम के खिलाफ दहेज प्रताड़ना व आत्महत्या के लिए मजबूर करने की विभिन्न
धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर ससुराल पक्ष का कहना है कि मृतका
का पति सोनू रोहतक में एक निजी कंपनी में काम करता है और ससुर रामकुमार लकवाग्रस्त
हैं। प्रीति का जेठ अनूप अपने परिवार के साथ फरीदाबाद में रहते हैं। ससुराल पक्ष के
अनुसार, घटना के समय घर में अन्य सदस्य भी मौजूद नहीं थे। बताया जा रहा है कि प्रीति
हांसी क्षेत्र के एक निजी स्कूल में अध्यापिका के रूप में कार्यरत थी। प्रीति की मौत
की सूचना उपरांत शनिवार सुबह से ही नागरिक अस्पताल में दोनों पक्षों के लोग एकत्रित
हो गए और दोनों पक्षों के बीच समझौते के प्रयास किए गए।
सदर थाना प्रभारी पवित्र सिंह ने बताया कि मामले
की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई
की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

