नूंह में विवाहिता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
नूंह, 05 जून (हि.स.)। नूंह जिले के गांव मालब में एक विवाहिता के फंदे पर लटके मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए दहेज प्रताड़ना का मामला बताया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतका के भाई ने ताहिर हुसैन ने बताया कि वर्ष 2023 में उसकी दो बहनों की शादी गांव मालब निवासी अंसार और उसके छोटे भाई के साथ मुस्लिम रीति-रिवाज से हुई थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग 10 लाख रुपये की अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि इसी मांग को लेकर शबनम को लगातार प्रताड़ित किया जाता था।
भाई ने आरोप लगाया कि उसकी बड़ी बहन शबनम की गला घोंटकर हत्या की गई है, जबकि इसे आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि इसी विवाद के चलते उनकी छोटी बहन भी पिछले कई महीनों से अपने मायके में रह रही है।
जानकारी के अनुसार मृतका का करीब ढाई साल का एक बेटा है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
मामले की सूचना मिलते ही थाना आकेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी बीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीएचसी नूंह भिजवाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

