हरियाणा में मंडियों के अलावा खुले स्थानों पर भी फसल रख सकेंगे किसान

WhatsApp Channel Join Now

-मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए स्थान चिन्हित करने के निर्देश

-समय पर उठान सुनिश्चित करें अधिकारी

चंडीगढ़, 13 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि खरीफ खरीद सीजन-2026 के दौरान किसानों की फसल रखने के लिए मंडियों के अतिरिक्त उपयुक्त खुले स्थान भी चिह्नित किए जाएं। इन स्थानों पर किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध करने के साथ फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फेंसिंग सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जाएं।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण किसानों की फसल को नुकसान नहीं होना चाहिए और मंडियों में फसल के उठान में भी किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की सुविधा और उनकी मेहनत से तैयार फसल की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। खरीद प्रक्रिया के दौरान किसानों को अपनी उपज उतारने और रखने के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि मंडियों में व्यवस्था सुचारू बनी रहे और किसानों को फसल बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि मंडियों के अलावा चिह्नित किए जाने वाले खुले स्थानों पर फसल के सुरक्षित भंडारण के लिए उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं। बारिश की संभावना को देखते हुए फसल को भीगने से बचाने और उसका समय पर उठान करने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए, जिससे कि खरीद प्रक्रिया निर्बाध रूप से चलती रहे और किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने किसानों से भी अपील की कि वे अपनी फसल निर्धारित स्थानों पर ही उतारें और उसे इधर-उधर रखने से बचें। इससे फसल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ मंडियों में खरीद व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि खरीफ खरीद सीजन के दौरान किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी उपज की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760284 Articles

Share this story