हिसार : मंथली मांगने वाले पांच बदमाशों की पुलिस ने कराई परेड़ व निशानदेही

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : मंथली मांगने वाले पांच बदमाशों की पुलिस ने कराई परेड़ व निशानदेही


तीन लाख रुपये की मंथली से इनकार पर दो व्यापारी भाइयों के घर में घुसकर किया

था हमला

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने की गिरफ्तारी

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। शहर में व्यापारियों से मंथली मांगने और रकम न देने

पर घर में घुसकर हमला करने के मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को शुक्रवार को सिविल

लाइन पुलिस वारदात वाली जगह पर लेकर पहुंची। पुलिस आरोपियों को थाने से करीब 200 मीटर

दूर उस स्टोर तक पैदल लेकर गई, जहां तीन लाख रुपये की मंथली मांगने का आरोप है। पुलिस

की निशानदेही कार्रवाई के दौरान बाजार में लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोग आरोपियों

को देखने के लिए मौके पर जुटे रहे।

पुलिस के अनुसार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू

उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश के रूप में हुई है। आरोप है कि मंथली देने से इनकार

करने पर बदमाशों ने दो व्यापारी भाइयों के घर में घुसकर लाठी-डंडों, गंडासे और लोहे

की रॉड से हमला किया था। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद शुक्रवार को वारदात

वाली जगह पर ले जाकर निशानदेही कराई। पुलिस द्वारा आरोपियों को वारदात वाली जगह पर

लाए जाने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग भी एकत्रित हो गए। पुलिस की कार्रवाई के दौरान

आरोपियों से घटनास्थल की निशानदेही कराई गई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था, जिसमें पांच-छह युवक हाथों में गंडासे,

लोहे की रॉड और चाकू लेकर घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवकों ने घर

में मौजूद दोनों भाइयों पर हमला किया। एक महिला ने उन्हें रोकने और भाइयों को बचाने

का प्रयास किया, लेकिन हमलावर नहीं रुके। घटना के बाद घर के बाहर गली में भी कुछ युवक

हथियारों के साथ खड़े दिखाई दिए। मौके पर टूटा हुआ दरवाजा और बिखरे कांच के टुकड़े

भी नजर आए थे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story