सिरसा के कारोबारी का शव एक सप्ताह बाद राजस्थान के नाचना हेड से बरामद

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 23 मई (हि.स.)। हरियाणा के सिरसा जिले के एक कारोबारी का शव करीब एक सप्ताह बाद राजस्थान के जैसलमेर जिले के नाचना हेड से बरामद कर लिया गया है। सूचना मिलने पर डबवाली पुलिस राजस्थान पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल लाया गया, जहां शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। उल्लेखनीय है कि बीती 18 मई को अबूबशहर के पास कारोबारी विनोद ग्रोवर ने राजस्थान नहर में छलांग लगा दी थी। गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश की जा रही थी।

विनोद के परिजन लगातार राजस्थान नहर के विभिन्न हेडों पर नजर रखे हुए थे। उन्हें सूचना मिली कि नाचना हेड पर एक शव मिला है। परिजन मौके पर पहुंचे और शव की शिनाखत की। घटना के बारे में डबवाली पुलिस को अवगत करवाया गया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर डबवाली के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि विनोद ग्रोवर के परिवार में एक लडक़ी को लेकर विवाद चल रहा था जो कि विनोद के बेटे से संबंधित था।

विनोद के बेटे की शादी 24 मई को होनी तय थी और शादी को लेकर तैयारियां चल रही थी। इसी बीच एक युवती को लेकर परिवार में विवाद हो गया और विनोद तनाव में थे। विनोद ग्रोवर ने नहर पर पहुंचने के बाद अपने भांजे को फोन किया और कुछ बाचतीत के बाद नहर में छलांग लगा दी। नहर की पटरी पर ही विनोद के चप्पल, फोन व जेब में रखे पैसे मिले थे। लगातार विनोद की तलाश की जा रही थी। शव करीब 570 किलोमीटर दूर राजस्थान के नाचना हेड से बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story